



भागलपुर सुल्तानगंज थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। टोटो चालक धीरज कुमार से छिनताई, मारपीट और जान से मारने के प्रयास के मामले में पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
डीएसपी नवनीत कुमार ने प्रेसवार्ता कर बताया कि अब्जूगंज निवासी टोटो चालक धीरज कुमार के साथ तीन अज्ञात अपराधियों ने मारपीट करते हुए छिनताई और हत्या का प्रयास किया था। इस घटना में घायल धीरज कुमार के भाई हीरा कुमार ने लिखित आवेदन देकर थाने में शिकायत दर्ज कराई। आवेदन मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक विशेष टीम का गठन किया और छापेमारी अभियान चलाकर तीनों अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपितों के पास से एक देशी कट्टा, तीन गोली के खोखे, चार मोबाइल फोन, एक लूटा गया मोबाइल और एक टोटो बरामद किया गया है। गिरफ्तार किए गए अपराधियों की पहचान देव ठाकुर उर्फ कल्लू (साकिन छोटी मसदी), सुभाष कुमार चौधरी उर्फ राजा (बड़ी मसदी) और ओमकार रजक उर्फ काली (कृम्हार गली) के रूप में हुई है।

डीएसपी ने बताया कि देव ठाकुर और ओमकार रजक का पूर्व में भी आर्म्स एक्ट सहित कई आपराधिक मामलों में इतिहास रहा है। इस छापेमारी अभियान में पुलिस अवर निरीक्षक संजय कुमार मंडल, आशुतोष कुमार, प्रणव प्रकाश ठाकुर, संजय कुमार यादव सहित सुल्तानगंज थाना के कई सशस्त्र बल शामिल थे।












