



भागलपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर जब पूरा देश जश्न मना रहा था, उसी बीच भागलपुर से एक प्रेरणादायक कहानी सामने आई है जो समाज के लिए मिसाल है। यह कहानी है तीनटंगा गांव (नौगछिया पुलिस जिला) के रहने वाले मुकेश मंडल की, जिनका कद महज 3 फीट है। छोटी हाइट के बावजूद मुकेश ने अपने हौसले और मेहनत के दम पर वो मुकाम हासिल किया है जो कई लोग केवल सपना देखते हैं।

मुकेश मंडल ने ग्रेजुएशन तक की पढ़ाई पूरी करने के बाद पारा मेडिकल की तैयारी शुरू की। कठिनाइयों और संघर्षों के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी। मेहनत रंग लाई और आज वे भागलपुर सदर अस्पताल में ड्रेसर के पद पर कार्यरत हैं।

मुकेश का कहना है कि बचपन से ही लोग उनके कद को देखकर मजाक उड़ाते और ताने कसते थे, लेकिन उन्होंने ठान लिया था कि कुछ बड़ा कर दिखाना है। काम के दौरान उन्हें कठिनाइयों का सामना जरूर करना पड़ता है, मगर अस्पताल के वरिष्ठ कर्मचारियों का सहयोग उन्हें लगातार आगे बढ़ने की ताकत देता है।
मुकेश की इस उपलब्धि से न सिर्फ उनके माता-पिता, बल्कि पूरा गांव गर्व महसूस कर रहा है। आज वे लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा बन चुके हैं कि अगर हौसले बुलंद हों तो कोई भी बाधा इंसान की राह नहीं रोक सकती।













