



भागलपुर। जिले के समाहरणालय परिसर स्थित समीक्षा भवन में मंगलवार को शिक्षा विभाग की ओर से अनुकंपा आश्रितों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। विशेष समारोह में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने कुल 79 लिपिक और 4 परिचारी को नियुक्ति पत्र सौंपा। सभी की नियुक्ति जिले के माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों में की जा रही है।

नियुक्ति पत्र सौंपते हुए जिलाधिकारी ने नवनियुक्त कर्मचारियों को कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और अनुशासन के साथ कार्य करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग की जिम्मेदारियां बड़ी और संवेदनशील होती हैं, जिन्हें पूरी निष्ठा से निभाना ही सच्ची सेवा मानी जाएगी।

समारोह के दौरान कई आश्रित भावुक हो उठे। अपनों को खोने के बाद नौकरी मिलने पर उनकी आंखें नम हो गईं। सभी ने कहा कि यह उनके जीवन का सबसे बड़ा दिन है, लेकिन इस खुशी में अपनों की याद ने क्षण को भावुक बना दिया।













