


भागलपुर : औद्योगिक थाना क्षेत्र अंतर्गत बियाड़ा स्थित सस्ती मस्टर्ड ऑयल फैक्ट्री और गोदाम से करीब एक करोड़ रुपए मूल्य के सामान की चोरी का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। इस कांड में कई शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। सिटी एसपी ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरी जानकारी दी।
सिटी एसपी के अनुसार यह चोरी किसी एक दिन में नहीं, बल्कि कई दिनों तक योजनाबद्ध तरीके से की गई। फैक्ट्री सुनसान इलाके में स्थित है, जहां पहले से कई फैक्ट्रियां बंद पड़ी हैं। मालिक महीने में केवल एक बार फैक्ट्री और गोदाम का निरीक्षण करने आते थे। इसी स्थिति का फायदा उठाकर अपराधियों ने चोरी को अंजाम दिया।
मामला 12 सितंबर को तब सामने आया, जब औद्योगिक थाना क्षेत्र से सूचना मिली कि बियाड़ा स्थित उक्त फैक्ट्री और गोदाम से करोड़ों का सामान गायब है। सूचना मिलते ही एसडीपीओ, सिटी डीएसपी और स्थानीय थाना पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई।
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और गार्ड व आसपास के लोगों से पूछताछ की गई। इसके आधार पर चोरी की घटना की पुष्टि हुई। पुलिस ने छापेमारी कर गणेश पासवान, राजन पासवान, सिंटू कुमार, विक्रम कुमार और बंटी कुमार को गिरफ्तार कर लिया। वहीं मीरा छक्के इलाके के निवासी महेश पासवान और संजीव कुमार से भी पूछताछ की जा रही है।
सिटी एसपी ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों का पुराना आपराधिक इतिहास है और वे पहले भी कई चोरी की वारदातों में शामिल रहे हैं। फिलहाल पुलिस चोरी गए सामान की बरामदगी में जुटी हुई है।












