




भागलपुर :: सदर अस्पताल में आज स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान की शुरुआत की गई। यह विशेष अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलेगा। इस अवधि में महिलाओं को पूरी तरह निशुल्क चिकित्सीय जांच और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
अभियान का उद्घाटन सिविल सर्जन डॉ. अशोक प्रसाद, राज्य स्वास्थ्य समिति से विजय प्रकाश राय, सदर अस्पताल के प्रभारी डॉ. राजू, महापौर डॉ. वसुंधरा लाल और अस्पताल प्रबंधक आशुतोष कुमार ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम की शुरुआत अभियान पर आधारित एक टेलीफिल्म के प्रदर्शन से हुई। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन वर्चुअल माध्यम से प्रसारित किया गया, जिसमें उन्होंने महिलाओं के स्वास्थ्य को परिवार और समाज की मजबूती से जोड़ते हुए जागरूकता का संदेश दिया।

अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान के तहत महिलाओं को नियमित स्वास्थ्य जांच, परामर्श और आवश्यक उपचार सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। साथ ही स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता भी फैलाई जाएगी ताकि महिलाएं समय पर इलाज करा सकें और अपने परिवार को स्वस्थ रख सकें। अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं के स्वास्थ्य को मजबूत बनाकर परिवार और समाज को सशक्त करना है।













