



भागलपुर जिले के कहलगांव में नमामि गंगे परियोजना के तहत संचालित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में कार्यरत सुरक्षा गार्ड राजकमल उर्फ राजू (लगभग 36 वर्ष) की ड्यूटी के दौरान सर्पदंश से मौत हो गई। यह घटना 15 सितंबर को घटी। मृतक कहलगांव के पटेल नगर निवासी थे।

जानकारी के अनुसार, राजकमल ड्यूटी पर थे, तभी अचानक एक विषैले सांप ने उन्हें काट लिया। सर्पदंश के तुरंत बाद सहकर्मियों ने उन्हें एनटीपीसी जीवन ज्योति अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार दिया गया। हालत गंभीर होने पर बेहतर इलाज के लिए उन्हें भागलपुर रेफर किया गया। इलाज के दौरान राजकमल ने अंतिम सांस ली।
डॉ. प्रवीण कुमार राणा ने बताया कि सर्पदंश के कारण राजकमल का श्वसन तंत्र बुरी तरह प्रभावित हो गया था, जिससे उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। इस दौरान मृतक के भाई अमंत कुमार, अविनाश रंजन और बहन अभिलाषा कुमारी ने इलाज के लिए हर संभव प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।

इस घटना से मृतक के परिवार, सहकर्मियों और स्थानीय लोगों में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने राजकमल के परिजनों के लिए उचित मुआवजा और एक आश्रित को नौकरी देने की मांग की है, ताकि परिवार का भरण-पोषण हो सके।
बताया जा रहा है कि सर्पदंश के बाद प्राथमिक उपचार में हुई देरी के कारण विष तेजी से पूरे शरीर में फैल गया, जिससे स्थिति गंभीर हो गई। इस घटना ने कार्यस्थल पर सुरक्षा प्रबंधन और कर्मचारियों को विषैले जीव-जंतुओं से बचाने की तैयारी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।














