



नवगछिया। वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व सांसद अनिल यादव ने शुक्रवार को तिनटंगा करारी और सैदपुर सहित नवगछिया अनुमंडल के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान तिनटंगा करारी के महादलित टोला के बाढ़ पीड़ितों ने शिकायत करते हुए कहा कि पिछले दो-तीन वर्षों से उन्हें स्थानीय प्रशासन द्वारा न तो प्लास्टिक शीट उपलब्ध कराई गई और न ही जीआर राशि दी गई है।
बाढ़ पीड़ित लूरी हरिजन, माधो हरिजन, जलधर हरिजन समेत दर्जनों ग्रामीणों ने पूर्व सांसद को बताया कि उनके फूस के घरों में लगातार तीन बार बाढ़ का पानी घुसा है। अभी भी कई घरों में पानी जमा है, जिसके कारण परिवारों को बच्चों के साथ खुले आसमान के नीचे सड़क पर दिन-रात गुजारना पड़ रहा है। पीड़ितों ने कहा कि केवल पहली बार बाढ़ का पानी आने पर तीन-चार दिन के लिए अंचलाधिकारी की ओर से सामुदायिक रसोई में भोजन की व्यवस्था कराई गई थी, इसके बाद किसी तरह की मदद नहीं मिली।

बीरनगर के ग्रामीणों ने भी पूर्व सांसद के समक्ष अपना दुखड़ा रखते हुए बताया कि पिछले एक महीने से उनके घरों में पानी भरा है, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई सुविधा नहीं दी गई।
पूर्व सांसद अनिल यादव ने कहा कि यदि बाढ़ पीड़ितों को शीघ्र राहत और जीआर राशि उपलब्ध नहीं कराई गई, तो वे अंचल कार्यालय में बाढ़ पीड़ितों के साथ मिलकर भूख हड़ताल करने को बाध्य होंगे। उन्होंने नवगछिया अनुमंडल पदाधिकारी को मोबाइल पर स्थिति से अवगत कराते हुए तत्काल समाधान की मांग की।
दौरे के दौरान पूर्व सांसद के साथ भाजपा महामंत्री मनोज पासवान और पूर्व सरपंच शंभू यादव भी मौजूद थे।













