



भागलपुर के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में रविवार को वी केयर संस्था की ओर से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में डॉक्टरों से लेकर प्रशासनिक अधिकारियों तक ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। दो दर्जन से अधिक लोगों ने रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का परिचय दिया।
संस्था के सचिव मनोज कुमार ने बताया कि वी केयर पिछले छह वर्षों से नियमित रूप से रक्तदान शिविर आयोजित कर रही है। अब तक संस्था द्वारा ढाई हजार से अधिक बार रक्तदान किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि साल में चार बार रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाता है, जिसमें सैकड़ों लोग हिस्सा लेते हैं।

मनोज कुमार ने कहा कि रक्तदान केवल जरूरतमंद मरीजों की जान बचाने का माध्यम नहीं है, बल्कि दान करने वाले का स्वास्थ्य भी बेहतर होता है। यह प्रक्रिया शरीर में पुराने रक्त को नष्ट कर नए रक्त के निर्माण में मदद करती है। इस मौके पर उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान करें। उन्होंने यह भी बताया कि इस बार लगभग 50 से 100 लोगों के रक्तदान करने की उम्मीद है।

रक्त एकत्रित कर जरूरतमंदों तक पहुंचाया जाता है। देश में हर साल रक्त की कमी के कारण 12 हजार से अधिक लोगों की मौत होती है। समय पर रक्त मिलने से कई जानें बचाई जा सकती हैं।
शिविर में मौजूद डॉक्टरों और अधिकारियों ने भी रक्तदान को जीवनदायी सेवा करार दिया। उन्होंने कहा कि समाज के स्वस्थ और सुरक्षित रहने के लिए हर व्यक्ति को इस प्रकार की सेवाओं में भाग लेना चाहिए।
अस्पताल प्रशासन ने वी केयर संस्था के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था ने अब तक हजारों मरीजों की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई है। शिविर में युवाओं के साथ-साथ वरिष्ठ नागरिक भी शामिल हुए और सभी ने रक्तदान के महत्व को समझते हुए इसे नियमित आदत बनाने का संकल्प लिया।













