



भागलपुर । पीरपैंती थाना क्षेत्र में दहशत फैलाने वाले कुख्यात अपराधी लवकुश यादव को पुलिस ने हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया। रविवार को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-2 डॉ. अर्जुन कुमार गुप्ता ने थाना परिसर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि 20 सितंबर की सुबह दुलदुलिया गांव में लवकुश यादव अपने गिरोह के साथ पहुंचा और लोगों में खौफ फैलाने के उद्देश्य से पाँच से छह राउंड हवाई फायरिंग की। गुप्त सूचना के आधार पर पीरपैंती पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया और तत्काल कार्रवाई की। इसी क्रम में ईशीपुर-बाराहाट थाना क्षेत्र के बरमसिया गांव में घेराबंदी कर लवकुश यादव को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तारी के दौरान उसने अपने पास मौजूद हथियार झाड़ियों में फेंक दिया था। बाद में उसकी निशानदेही पर एक देशी कट्टा और एक कारतूस बरामद किया गया। डीएसपी ने बताया कि मौके से फरार अन्य अपराधियों की तलाश जारी है।
गिरफ्तार अपराधी लवकुश यादव, पिता जयप्रकाश यादव, पीरपैंती थाना क्षेत्र के मधुवनटोला का निवासी है। उसका पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उस पर हत्या, लूट, आर्म्स एक्ट, एससी/एसटी एक्ट और मद्य निषेध अधिनियम समेत आधा दर्जन से अधिक संगीन मामले दर्ज हैं।
छापेमारी टीम में थानाध्यक्ष नीरज कुमार, एसआई सुनील कुमार, संगम कुमारी, अमोद ठाकुर, संजय महाराज सहित सशस्त्र बल शामिल थे।













