



नवगछिया । पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, नगरपारा भागलपुर में मंगलवार को सेवा पर्व के अवसर पर वन प्रमंडल भागलपुर की ओर से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, बिहार सरकार द्वारा चलाए जा रहे सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत आयोजित किया गया। विभाग ने 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक राज्य के प्रत्येक जिले में कुल 10 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
कार्यक्रम की शुरुआत सभी अतिथियों एवं विद्यालय के शिक्षकों द्वारा अपनी माताओं के नाम पर एक-एक पौधा लगाकर की गई। इस अवसर पर स्थानीय विधायक ई. शैलेंद्र ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि पर्यावरण संकट आज वैश्विक चुनौती है, जिसे गंभीरता से समझने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को जनहित और राष्ट्रहित में पौधारोपण का संकल्प लेना चाहिए। विधायक ने सभी बच्चों से अपील की कि वे घर जाकर अपने माता-पिता को भी पौधे लगाने के लिए प्रेरित करें ताकि वातावरण शुद्ध और सुरक्षित बन सके।
विद्यालय के प्राचार्य एस.के. चौधरी ने कहा कि पृथ्वी को हरा-भरा बनाने और जीवन को सुरक्षित रखने के लिए पौधारोपण अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि जीवनदायी ऑक्सीजन का एकमात्र स्रोत पौधे ही हैं। क्षेत्रीय रेंजर उमा शंकर राय ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक छात्र-छात्रा को केवल पौधा लगाने तक ही सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उसकी देखभाल करने का भी संकल्प लेना चाहिए।

कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक बी.सी. झा ने किया। इस अवसर पर स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि पवन सिंह, वन विभाग के रोशन कुमार, रूपेश कुमार सिंह, वनरक्षी सुमित कुमार, वनरक्षी उत्तम कुमार, वनपाल धीरेंद्र ठाकुर, वनपाल सोनी कुमारी तथा विद्यालय के शिक्षक अमूल्य वर्मा, अजीत कुमार, संदीप कुमार, डॉ. देवेंद्र सिंह, नवनीत सुभम, रतन कुमार सिंह, कृष्ण सरकार, पशुपतिनाथ पांडे, रश्मि मरांडी और दीपक कुमार सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों ने माना कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य भारत को हरे-भरे भविष्य की ओर अग्रसर करना है। अंत में विद्यालय परिसर एक स्वर में गूंज उठा जब छात्र-छात्राओं ने नारा लगाया – “एक पेड़ माँ के नाम, एक भारत श्रेष्ठ भारत।”















