



भागलपुर जिले के नाथनगर प्रखंड अंतर्गत निसम्बे पंचायत के गनोरा बादरपुर गांव के लोगों को वर्षों से नाले और सड़क निर्माण न होने के कारण गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। गांव में जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने के चलते मुख्य सड़क पर गंदा पानी जमा हो जाता है। इससे जहां मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, वहीं दुर्गंध से लोगों का जीना दूभर हो गया है।

स्थानीय निवासी माया देवी ने बताया कि खुले में शौच की विवशता, कूड़े-कचरे का ढेर और नाले का पानी निकलने का रास्ता न होने से ग्रामीणों की स्थिति नरकीय हो गई है। खासकर बरसात के दिनों में हालात और भी बिगड़ जाते हैं।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बीते चार वर्षों से वे पंचायत की मुखिया नीरू देवी से नाले के निर्माण की मांग कर रहे हैं, लेकिन उन्हें सिर्फ आश्वासन ही मिला है। बीडीओ से संपर्क करने पर भी समस्या का कोई समाधान नहीं हुआ।

थक-हारकर अब ग्रामीणों ने जिला पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपा है और जल्द से जल्द नाले एवं सड़क निर्माण शुरू कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि वे विकास चाहते हैं, लेकिन प्रशासनिक लापरवाही उनकी सबसे बड़ी बाधा बन गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्या का समाधान शीघ्र नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
















