



नवगछिया। नवगछिया बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल के अंतर्गत रंगरा चौक अंचल के झल्लू दास टोला, ज्ञानी दास टोला सहित अन्य दर्जनों गांवों में बीते कई वर्षों से गंगा नदी का कटाव कहर बरपा रहा है। इसके कारण अब तक कई घर नदी में समाहित हो चुके हैं। इस वर्ष भी कई घर कटाव की चपेट में आ गए हैं।

ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री और जल संसाधन विभाग के अभियंता को आवेदन देकर गांवों की सुरक्षा और बचाव कार्य की मांग की। इस पर कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता अनवर जमील, अधीक्षण अभियंता सुबोध चौधरी, अभियंता सहायक अमितेश कुमार और हाईकोर्ट अधिवक्ता मुकेश कुमार कटाव स्थल का निरीक्षण करने पहुंचे।

निरीक्षण के दौरान गंगा की धारा और बचाव कार्य की स्थिति का अवलोकन किया गया। इस अवसर पर ग्रामीणों की ओर से जदयू नेता और पूर्व मुखिया भोला मंडल ने बचाव कार्य की मांग रखी। मुख्य अभियंता अनवर जमील ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि उनकी मांग का प्रपोजल विभाग को प्रस्तुत किया जाएगा और अनुमति मिलने के बाद जल्द ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

मौके पर सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे, जिन्होंने कटाव से उत्पन्न संकट और सुरक्षा की तत्काल आवश्यकता पर जोर दिया। निरीक्षण के बाद ग्रामीणों में राहत की भावना बनी और उन्हें जल संसाधन विभाग द्वारा जल्द कार्रवाई किए जाने का भरोसा मिला।













