



भागलपुर के सन्हौला थाना क्षेत्र के महिमा गांव में शनिवार देर शाम टोटो (ई-रिक्शा) पर सवार बदमाशों ने एक युवक पर हमला कर उसे घायल कर दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घायल युवक की पहचान सूरज कुमार सिंह (28 वर्ष) के रूप में हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टोटो पर सवार दो बदमाश गांव पहुंचे और सूरज के घर के बाहर रुक गए। इसी दौरान एक बदमाश टोटो से उतरा और जैसे ही सूरज बाहर आया, उस पर फायरिंग कर दी। गोली सूरज के हाथ में लगी, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा। ग्रामीणों ने तत्काल एक बदमाश को पकड़ लिया, जबकि उसका साथी टोटो लेकर भागने में सफल रहा।
घटना की जानकारी मिलते ही सैकड़ों लोग जुट गए और घायल सूरज को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। वहीं पकड़े गए बदमाश को ग्रामीणों ने पुलिस के हवाले कर दिया।

घायल सूरज का कहना है कि उसकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है और वह यह समझ नहीं पा रहा कि उस पर हमला क्यों किया गया। प्रत्यक्षदर्शी सरफराज ने बताया कि गोली चलने के बाद भगदड़ मच गई थी। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने मिलकर एक बदमाश को काबू किया और पुलिस को सौंप दिया।

इस मामले पर सन्हौला थानेदार रूपेश कुमार ने बताया कि पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि युवक के हाथ में गोली नहीं लगी है, बल्कि टोटो के शीशे से चोट पहुंची है। फिलहाल पकड़े गए बदमाश से पूछताछ की जा रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।













