



भागलपुर जिले की सुल्तानगंज पुलिस ने विभिन्न जगहों पर लूटपाट की घटनाओं को अंजाम देने वाले चार आरोपियों को हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। ये आरोपी सोशल मीडिया पर हथियार लहराकर दहशत फैलाने की कोशिश भी कर रहे थे।
थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों में कुंदन कुमार (घाट रोड, सुल्तानगंज), नितीश कुमार (गोपाल रोड, विषहरी), प्रशांत कुमार (गोपाल रोड, विषहरी) और आर्यन कुमार (शिवनंदनपुर) शामिल हैं। इनके पास से एक मोटरसाइकिल, एक देशी कट्टा, एक गोली और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि इन आरोपियों ने 25 सितंबर को कांवरियों के साथ लूटपाट की थी। इसके अलावा असरगंज के नारदपुल के पास एक टोटो चालक और एक मोटरसाइकिल चालक से भी लूट की गई थी। इस दौरान मोटरसाइकिल से फायरिंग भी की गई थी। जांच में पता चला कि एक मोटरसाइकिल नौगछिया की है, जबकि दूसरी मुंगेर हिंरु दियारा क्षेत्र से जुड़ी पाई गई। पूछताछ में सामने आया कि कुंदन यादव ने मुंगेर में भी लूट की घटना को अंजाम दिया था।
थाना परिसर के सीसीटीवी फुटेज और लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर पुलिस ने छापेमारी की और आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई।
इस छापेमारी दल में थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार के साथ विष्णुदेव कुमार, संजय कुमार मंडल, आशुतोष कुमार, पवन कुमार एवं सुल्तानगंज थाना के शस्त्र बल शामिल थे।
इनकी गिरफ्तारी से हाल ही में हुई कई लूटकांडों का राजफाश हुआ है और पुलिस अब इनसे अन्य घटनाओं की भी जानकारी जुटा रही है।














