


भागलपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने अपनी स्थापना के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भागलपुर में ऐतिहासिक विजयादशमी उत्सव का आयोजन किया। यह कार्यक्रम आचार्य रामधारी सरस्वती विद्या मंदिर, केशव नगर में बड़े धूमधाम से संपन्न हुआ।
संघ की स्थापना 1925 में विजयादशमी के दिन हुई थी और वर्ष 2025 में इसने शताब्दी वर्ष पूरी कर ली है। इस अवसर पर निकाले गए भव्य संचलन में सैकड़ों स्वयंसेवक पूर्ण गणवेश में शामिल हुए। संचलन आनंद राम विद्यालय से प्रारंभ होकर बुढ़ानाथ चौक, चुनिहारी टोला मार्ग होते हुए भामाशाह चौक तक पहुंचा और पुनः विद्यालय परिसर में संपन्न हुआ।
संचलन के दौरान मार्ग में महिलाओं ने स्वयंसेवकों पर पुष्प वर्षा कर उनका उत्साह बढ़ाया। पूरे शहर में देशभक्ति और अनुशासन का रंग दिखाई दिया।
संचलन के उपरांत आयोजित बौद्धिक कार्यक्रम में मुख्य वक्ता पवन गुप्त ने स्वयंसेवकों का मार्गदर्शन किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. गौतम अग्रवाल और संघचालक अशोक मवांडिया भी उपस्थित रहे।
भागलपुर के अलावा जिले के अन्य स्थानों पर भी इसी प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां स्थानीय नागरिकों और स्वयंसेवकों ने शताब्दी वर्ष के इस ऐतिहासिक अवसर को उत्साहपूर्वक मनाया।














