



भागलपुर में गंगा नदी का बढ़ा जलस्तर एक मासूम की जिंदगी निगल गया। यह हृदयविदारक हादसा सुल्तानगंज प्रखंड के कमरगंज इलाके में हुआ। जानकारी के अनुसार, सोमवार की सुबह करीब 7 बजे कुछ बच्चे गंगा किनारे खेलने गए थे। खेल-खेल में ही 6 वर्षीय मासूम मौसम कुमारी का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में बह गई।

घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों ने बच्ची को बचाने का प्रयास किया, लेकिन गंगा के तेज बहाव और खतरनाक जलस्तर के कारण सफलता नहीं मिली। मृतका मौसम कुमारी के पिता अरविंद पासवान मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। परिवार में मृतका के अलावा दो भाई और एक बहन हैं। मासूम की असमय मौत ने पूरे परिवार को गहरे शोक में डाल दिया है।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण खोजबीन में जुट गए। करीब 10 से 15 घंटे की लगातार कोशिश के बाद बच्ची का शव बरामद किया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गांव में इस हादसे से मातम पसरा हुआ है। हर कोई इस दर्दनाक घटना से व्यथित है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।















