


भागलपुर जिले के पीरपैंती थाना क्षेत्र के गोविंदपुर मोहनपुर वार्ड संख्या 04 में उस समय सनसनी फैल गई जब 35 वर्षीय किशोरी मंडल उर्फ ननकु की मौत सिर में गोली लगने से हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के बड़े बेटे अमन कुमार की चीख-पुकार से माहौल और भी गमगीन हो गया।
मृतक किशोरी मंडल पेशे से चालक था। उसके परिवार में पत्नी पूनम देवी, दो बेटे अमन कुमार और आशीष कुमार तथा एक बेटी सिमरन कुमारी है। स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना से कुछ समय पहले पति-पत्नी के बीच कपड़ा खरीदने को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद अचानक बंद कमरे से गोली चलने की आवाज आई और किशोरी मंडल की मौत हो गई। गोली उसने खुद चलाई या किसी अन्य ने, यह अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है। घटना के बाद उसकी पत्नी पूनम देवी घर से फरार हो गई, जिससे संदेह और गहरा हो गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पीरपैंती डीएसपी टू डॉ. अर्जुन कुमार गुप्ता और थानाध्यक्ष नीरज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया और साक्ष्य इकट्ठा करने के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया। फिलहाल विशेषज्ञ टीम हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है ताकि यह पता चल सके कि मामला आत्महत्या का है या हत्या का।
स्थानीय लोगों ने बताया कि किशोरी मंडल की शादी कुछ वर्ष पूर्व साधुपुर (घोंघा) गांव में हुई थी। परिवार और समाज में यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच हर कोण से जारी है।












