



भागलपुर। बरारी थाना क्षेत्र के बरारी पुल घाट पर रविवार को एक दर्दनाक घटना घटी। गंगा देवी नामक महिला अपनी दो मासूम बेटियों संग गंगा नदी में कूदकर जान देने का प्रयास कर रही थी। उसी समय मौके पर मौजूद जीवन जागृति सोसाइटी की टीम ने तत्परता और साहस दिखाते हुए महिला और दोनों बच्चियों की जान बचा ली।

घटना के बाद जब महिला से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि उसके पति द्वारा लगातार गाली-गलौज और प्रताड़ना की जाती थी। दो बेटियां होने की वजह से वह मानसिक दबाव में थी और इसी कारण उसने यह कदम उठाया।
जानकारी मिलते ही जीवन जागृति सोसाइटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. अजय कुमार सिंह ने तुरंत अपनी टीम के सदस्य मृत्युंजय और ऋषु को मौके पर भेजा। दोनों ने बिना देर किए गंगा नदी में कूदकर महिला और बच्चियों को सुरक्षित बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

डॉ. अजय कुमार सिंह ने कहा कि समाज में बेटियों को बोझ मानना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। बेटियां ईश्वर का सबसे अनमोल उपहार हैं और हर माता-पिता को उन्हें स्नेह और समान अधिकार देना चाहिए।
इस साहसिक प्रयास के कारण एक महिला और उसकी दो मासूम बेटियों की जिंदगी बच गई और समाज को भी यह संदेश मिला कि किसी भी परिस्थिति में जीवन से हार मानना समाधान नहीं है।
















