



नवगछिया । मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कर कमलों से ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ के तहत वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्मयम से बिहार के 25 लाख महिला लाभुकों को 10 हजार रुपये प्रति लाभुक की दर से 2,500 करोड़ रुपये की राशी का अंतरण हेतु शुक्रवार को कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला स्तर पर भागलपुर के टाउन हॉल में इस कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया। इसमें भागलपुर जिले के 2 लाख 65 हजार से अधिक महिलाएं इस लाइव प्रसारण से जुड़ी रहीं। इस योजना के दूसरे चरण में 25 लाख महिला लाभुकों को 10 हजार रुपये प्रति लाभुक की दर से 2,500 करोड़ रुपये की राशि का अंतरण किया जा रहा है। इनमें से भागलपुर जिले की 01 लाख 2 हजार 401 महिलाएँ शामिल हैं, जिन्हें योजना के तहत 10-10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्राप्त हुई। वहीं 26 सितंबर को आयोजित कार्यक्रम में राज्य की कुल 75 लाख महिलाओं को 10-10 हजार रुपये की राशी का अंतरण किया गया था, जिनमें भागलपुर जिले की 2 लाख 17 हजार से अधिक महिलाएँ शामिल थीं।

भागलपुर जिले में मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना हेतु जीविका के 1972 ग्राम संगठनों के माध्यम से अब तक कुल 3 लाख 85 हजार से अधिक आवेदनों का संकलन किया गया। इनमें से 3 लाख 77 हजार से अधिक आवेदनों की ऑनलाइन प्रविष्टि की जा चुकी है। इनमें से 3 लाख 20 हजार से अधिक महिलाएँ पूर्व से ही जीविका स्वयं सहायता समूह की सदस्य थीं। इसके अलावा जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में 62 हजार से अधिक महिलाओं को जीविका स्वयं सहायता समूह से जोड़ा गया है। जिन्हें एमआईएस पोर्टल पर प्रविष्टि की जा रही है। जिससे सभी महिलाओं को इस योजना के तहत लाभांवित किया जा सके। 6 अक्टूबर 2025 को आयोजित होने वाले अंतरण कार्यक्रम में शेष महिलाओं को इस योजना के तहत लाभांवित किया जाएगा। इसके अलावा जिले के सभी 16 प्रखंडों, 47 जीविका संकुल स्तरीय संघों एवं 1971 जीविका महिला ग्राम संगठन स्तर पर भी इस कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया। इससे जिले की तकरीबन ढाई लाख से अधिक महिलाएँ एक साथ इस कार्यक्रम का लाइव प्रसारण से जुड़ी रहीं। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना बिहार सरकार की एक महत्वाकांक्षी पहल है। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को स्वावलंबी और आत्मनिर्भर बनाना है। जीविका स्वयं सहायता समूह से जुड़े प्रत्येक परिवार की एक महिला सदस्य को योजना का लाभ मिलेगा। लाभार्थी महिला को 10 हजार रुपये की राशी प्रदान की जाएगी। यह राशि महिलाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए दी जा रही है। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य है महिलाओं को रोजगार और उद्यमिता से जोड़ना। परिवार की आय में बढ़ोतरी करना। महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना।ग्रामीण समाज में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि योजना का लाभ हर पात्र महिला तक पहुँचे।

आयोजित किये गए अंतरण कार्यक्रम का लाइव वीडियो प्रसारण किया गया। मुख्य कार्यक्रम भागलपुर जिला मुख्यालय स्थित टाउन हॉल में किया गया। जहां जिलाधिकारी डॉक्टर नवल किशोर चौधरी, उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, सहायक समाहर्ता जतिन कुमार सहित अन्या पदाधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉक्टर नवल किशोर चौधरी ने टाउन हॉल में उपस्थित सभी जीविका दीदी को हार्दिक शुभकामनाएं दी तथा बताया कि आज भागलपुर की 1 लाख 02 हजार 401 दीदी को यह सहायता राशी प्रदान की जा रही है। उन्होंने जीविका दीदियों से आग्रह किया कि इस योजना के नाम के अनुरूप इस राशी से रोजगार करें यदि आप रोजगार खड़ा करते हैं, और रोजगार सफल होता है तो आपको 2 लाख रुपए का और सहयोग मिल जाएगा। उन्होंने कहा कि गांव आदमी मजबूत अपने को तब महसूस करता है जब उसके पास पैसा होता है और मुख्यमंत्री आपको रोजगार करने के लिए पैसा दे रहे हैं। बच्चों को जब पैसे की जरूरत होती है तो अपने पिता के बजाय मां के पास जाना पसंद करता है और मां से जब पैसा मिलता है तो बच्चे को कितनी खुशी होती है, इसका अंदाजा नहीं लगाया जा सकता है इसलिए महिला रोजगार करें और अपने स्वयं को स्वावलंबी बनाएं।
















