



भागलपुर में दस दिनों तक चले भव्य दुर्गा पूजा महोत्सव के बाद अब मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन शुरू हो गया है। परवती, मिरजान, मोदीनगर और मानिकपुर इलाकों से श्रद्धालुओं ने धूमधाम के साथ शोभायात्रा निकाली। शोभायात्रा में ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुन पर थिरकते श्रद्धालु मां के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े। हर तरफ भक्तिमय माहौल और मां की विदाई का भावुक दृश्य देखने को मिला।

गांव और शहर से आए श्रद्धालु प्रतिमाओं के साथ शोभायात्रा में शामिल हुए। छोटे-बड़े बच्चे जहां डीजे की धुन पर झूमते नजर आए, वहीं महिलाओं और पुरुषों ने मां की आराधना करते हुए जयकारे लगाए। शोभायात्रा शहर की गलियों से होते हुए मुख्य मार्गों से गंगा घाट की ओर बढ़ी।
श्रद्धालुओं की भीड़ और उत्साह को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क दिखा। जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई थी ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। बड़ी संख्या में पुलिस बल और मजिस्ट्रेट तैनात रहे। अधिकारी खुद शोभायात्रा की निगरानी कर रहे थे।

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मां दुर्गा की प्रतिमाओं का शांतिपूर्ण ढंग से विसर्जन किया जा रहा है। श्रद्धालुओं का कहना है कि मां की विदाई के साथ वे अब अगले वर्ष उनके आगमन की प्रतीक्षा करेंगे।
















