



भागलपुर जिले के खरीक थाना क्षेत्र के एनएच-80 पर शनिवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें सब्जी लाने जा रहे एक व्यक्ति को अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल व्यक्ति की पहचान नवगछिया नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड नंबर 25 निवासी प्रमोद महतो के रूप में की गई है, जो सब्जी के थोक व्यापारी हैं।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह प्रमोद महतो करीब दस लोगों के साथ सब्जी लाने मार्केट जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से प्रमोद महतो सड़क पर गिर पड़े और उनके सीने में गंभीर चोटें आईं, जबकि दाहिना हाथ टूट गया।

स्थानीय लोगों की मदद से परिजनों ने घायल प्रमोद को नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन वहां मौजूद स्टाफ ने बताया कि डॉक्टर सुबह 10 बजे से इलाज शुरू करेंगे। इस पर परिजन आक्रोशित हो उठे। बाद में डॉक्टरों ने घायल को मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया।
मायागंज अस्पताल पहुंचने पर भी समय पर इलाज नहीं मिलने से परिजन नाराज हो गए और उन्होंने हंगामा किया। इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए परिजन घायल को पूर्णिया के एक निजी अस्पताल लेकर चले गए।

घायल की पत्नी सुनीता देवी ने बताया कि उनके पति सुबह सब्जी लाने के लिए घर से निकले थे। हादसे की सूचना मिलने पर उन्हें नवगछिया अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों की देर से उपस्थिति के कारण इलाज शुरू नहीं हो पाया। उन्होंने कहा कि “हम डर गए कि तब तक उनकी हालत और बिगड़ जाएगी, इसलिए मायागंज ले गए, लेकिन वहां भी सही इलाज नहीं मिला।”
प्रमोद महतो छह बच्चों के पिता हैं और सब्जी बेचकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। इधर, घटना के बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
















