



बिहपुर। जमालपुर पंचायत के वार्ड नंबर चार स्थित रेलवे अस्पताल के पीछे हजरत नूनुआ शाह पीर रहमतुल्लाह अलैह का सालाना उर्स-ए-पाक बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एवं समाज के गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रधान सेवक सुबोध कुमार और नित्यानंद प्रसाद की अगुआई में मजार पर चादरपोशी से हुई। इसके बाद नियाज, फातिहा और दुआओं का सिलसिला देर रात तक चलता रहा। मजार परिसर को रंगीन बल्बों, झिलमिलाती लाइटों और सजावटी सामग्री से खूबसूरती से सजाया गया था, जिससे पूरा स्थल भक्ति और आस्था के वातावरण में डूबा नजर आया।
सुबोध कुमार और ताराकांत राय ने बताया कि हजरत नूनुआ शाह पीर के इस उर्स में हर वर्ष हिंदू और मुसलमान दोनों समुदाय के लोग एक साथ शामिल होते हैं। यहां चादरपोशी, पूजा और नियाज फातिहा का आयोजन दोनों समुदायों की भागीदारी से किया जाता है, जो क्षेत्र में आपसी भाईचारे और सांप्रदायिक सौहार्द का प्रतीक है।

इस अवसर पर मनोज राय, मंटू राय, माया देवी, सच्चिदानंद पासवान, पोलर, राकेश, मुरारी राय, कैलाश राय, मोहम्मद गफ्फार सहित कई अन्य श्रद्धालु मजार की जियारत करने पहुंचे। सभी ने श्रद्धा और भक्ति भाव से फातिहा पढ़ी तथा चादरपोशी में हिस्सा लिया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि यह उर्स वर्षों से क्षेत्र की सामाजिक एकता और धार्मिक सद्भाव का प्रतीक बना हुआ है, जहां हर वर्ग के लोग मिलकर शांति, प्रेम और आपसी एकजुटता का संदेश देते हैं।
















