



भागलपुर के जोगसर थाना क्षेत्र के खरमनचक के पास स्थित एक रेस्टोरेंट में मंगलवार देर शाम अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि रेस्टोरेंट के किचन में खाना बनाने के दौरान गैस पाइप से गैस रिसाव होने पर आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरे किचन और रेस्टोरेंट के एक हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचित किया। सूचना पाते ही अग्निशमन विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। इस दौरान जोगसर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंचकर स्थिति पर नजर रखे रही।

गनीमत यह रही कि घटना के समय रेस्टोरेंट में अधिक भीड़ नहीं थी, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि, आग की चपेट में आने से किचन सहित रेस्टोरेंट के कुछ हिस्से को नुकसान पहुंचा है। फिलहाल पुलिस और अग्निशमन विभाग आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच में जुटे हैं।
















