



नारायणपुर प्रखंड स्थित मधुरापुर बाजार में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक ग्राहक के थैले से लगभग 15 हजार रुपये मूल्य के आभूषण चोरी हो गए। यह चोरी साईं कॉम्प्लेक्स परिसर में स्थित जायरा कॉस्मेटिक दुकान में हुई। चोरी की यह घटना एक नाबालिग लड़के द्वारा अंजाम दी गई, जिसकी पूरी करतूत दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित ग्राहक की पहचान खगड़िया जिला के भरतखंड थाना क्षेत्र के लोनियाचक, मथुरापुर निवासी के रूप में हुई है। बताया गया कि पीड़ित सबसे पहले उसी परिसर में स्थित एक आभूषण दुकान से चांदी के दो जोड़े पायल, बिछिया और एक हनुमान जी का लॉकेट खरीदकर जायरा कॉस्मेटिक दुकान पर पहुंचे थे।
खरीदारी के दौरान, लाल शर्ट पहने एक नाबालिग लड़का भी उनके पीछे-पीछे दुकान में घुस आया। जब ग्राहक दुकानदार से सामान देखने में व्यस्त हो गए, तभी उस लड़के ने मौका पाकर चुपके से थैले में हाथ डालकर आभूषण से भरा बैग निकाल लिया और वहां से फरार हो गया।

इस घटना की जानकारी मिलते ही दुकान में मौजूद अन्य लोगों ने सीसीटीवी फुटेज खंगाला, जिसमें पूरी वारदात स्पष्ट रूप से देखी जा सकती है। फुटेज में लाल शर्ट पहने हुए नाबालिग लड़का चोरी करते और मौके से भागते हुए नजर आ रहा है।

फिलहाल, पीड़ित ने इस संबंध में स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज करवा दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुट गई है। बाजार क्षेत्र में इस प्रकार की चोरी की घटना से स्थानीय दुकानदारों और ग्राहकों में चिंता का माहौल है।















