5
(1)

नवगछिया । भवानीपुर थाना क्षेत्र के मधुरापुर बाजार वार्ड संख्या-8 में न्यायालय के आदेश के बावजूद दबंगों द्वारा दूसरे की जमीन पर जबरन कब्जा करने और बलपूर्वक निर्माण कार्य रोकने का मामला सामने आया है। इस संबंध में मधुरापुर बाजार निवासी गोपाल पोद्दार, पिता गंगाधर पोद्दार ने नवगछिया एसपी, एसडीओ, नारायणपुर सीओ और भवानीपुर थानाध्यक्ष को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।

आवेदन में पीड़ित ने लिखा है कि मधुरापुर बाजार स्थित खाता संख्या 371, खेसरा संख्या 1981 व 1993, रकबा 2.5 डिसमिल की जमीन उसकी खातियानी जमीन है। यह भूमि उनके पूर्वजों के समय से उनके कब्जे में है और आपसी बंटवारे के दौरान पिलर लगाकर सीमांकन भी किया गया था। उन्होंने बताया कि वर्षों से इस जमीन पर उनका दुकान भी संचालित है।

पीड़ित ने आरोप लगाया कि पड़ोसी स्वर्गीय शीतल पोद्दार (पुत्र स्वर्गीय भगवान पोद्दार) के परिवार ने वर्ष 2000 में नवगछिया न्यायालय में टाइटल सूट संख्या 87/2000 दर्ज कराया था, जो 16 वर्षों तक चला। वर्ष 2017 में नवगछिया के सब-जज द्वितीय न्यायालय ने उक्त भूमि संबंधी विवाद में गोपाल पोद्दार के पक्ष में फैसला सुनाया था।

पीड़ित ने बताया कि बीते सप्ताह जब वह उक्त जमीन पर पुनः निर्माण कार्य शुरू करने पहुंचे, तो पड़ोसी दयानंद पोद्दार (पुत्र स्वर्गीय शीतल पोद्दार), कपिल कुमार (पुत्र दयानंद पोद्दार) और तीन अज्ञात व्यक्तियों के साथ पहुंचे और उन्हें धमकाने लगे। आरोप है कि इन लोगों ने लाठी-डंडा दिखाकर मजदूरों को भगा दिया और निर्माण कार्य जबरन रोक दिया।

गोपाल पोद्दार ने बताया कि जब उन्होंने न्यायालय का जजमेंट पेपर दिखाया, तो अभियुक्तों ने कहा कि वे किसी कागज या कोर्ट के आदेश को नहीं मानते। उन्होंने चुनौती दी कि “जहां जाना है जाओ, जिसे बुलाना है बुलाओ, लेकिन यहां निर्माण नहीं होने देंगे।”

इस घटना के बाद पीड़ित व्यक्ति न्यायालय के आदेश की प्रतियां लेकर थाना और सीओ कार्यालय का चक्कर लगा रहे हैं, परंतु अभी तक किसी तरह की राहत नहीं मिली है। अंततः उन्होंने सोमवार को नवगछिया एसपी और एसडीओ को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई।

नारायणपुर अंचलाधिकारी विशाल अग्रवाल ने बताया कि पीड़ित का आवेदन प्राप्त हुआ है। दोनों पक्षों को शनिवार के जनता दरबार में बुलाया जाएगा और प्रस्तुत कागजातों की जांच कर न्यायोचित कार्रवाई की जाएगी। वहीं भवानीपुर थानाध्यक्ष पुअनि शंभु कुमार ने बताया कि आवेदन मिला है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: