


भागलपुर। बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी की तैयारियां जोरों पर हैं। इसी क्रम में भाजपा मेनिफेस्टो कमिटी के संयोजक श्री सुरेश रूंगटा ने बुधवार को भागलपुर के एक निजी होटल में प्रेस वार्ता की। इस दौरान उन्होंने एनडीए गठबंधन के आगामी घोषणा पत्र को लेकर विस्तृत जानकारी साझा की।
श्री रूंगटा ने बताया कि एनडीए आने वाले पांच वर्षों के लिए एक व्यापक और जनहितकारी घोषणा पत्र जारी करेगा, जिसमें विकास, रोजगार, कृषि, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि यह घोषणा पत्र जनता की अपेक्षाओं और जरूरतों के अनुरूप तैयार किया जा रहा है, ताकि राज्य के हर वर्ग को इसका लाभ मिल सके।
उन्होंने कहा कि एनडीए की सरकार जनता के विश्वास पर पूरी तरह खरा उतरेगी और अगले कार्यकाल में बिहार को आत्मनिर्भर, सक्षम और समृद्ध राज्य बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाएगी। रूंगटा ने यह भी कहा कि भाजपा की नीतियां सदैव विकास और सुशासन पर केंद्रित रही हैं, और यही पार्टी की सबसे बड़ी पहचान है।
प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष संतोष साह, भाजपा के पूर्व प्रत्याशी रोहित पांडे सहित कई पार्टी पदाधिकारी उपस्थित थे। बैठक में आगामी चुनावी रणनीति और जनसंपर्क अभियानों पर भी चर्चा की गई।















