



भागलपुर : खगड़िया जिले के बाल सुधार गृह में बंद एक 14 वर्षीय नाबालिग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में हड़कंप मच गया है। मृतक की पहचान बेगूसराय जिले के सोनपुर नयागांव थाना क्षेत्र निवासी गौरव कुमार के रूप में हुई है। वह पिछले 15 दिनों से बाल सुधार गृह में बंद था।

घटना की जानकारी मिलते ही गौरव के परिजन सदमे में हैं। मृतक के चाचा मुकेश कुमार उर्फ मुक्तिनाथ ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि गौरव की हत्या की गई है। उन्होंने बताया कि सोमवार को गौरव के पिता सुखो सिंह अपने बेटे से मिलने बाल सुधार गृह पहुंचे थे। उसी दौरान उन्हें कुछ अनहोनी का आभास हुआ।

चाचा मुकेश कुमार का कहना है कि संभवतः गौरव ने सुधार गृह में किसी आपत्तिजनक या गलत गतिविधि को देख लिया था, जिसकी वजह से उसकी हत्या कर दी गई। गौरव का पहला पोस्टमार्टम खगड़िया में मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में किया गया था, लेकिन मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए दूसरा पोस्टमार्टम भागलपुर में डॉक्टरों की विशेष टीम द्वारा कराया गया है।
अब सभी की निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे मौत की असली वजह सामने आ सके। परिजनों ने मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं प्रशासन का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
















