



सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम को मजबूत बनाने का दिया निर्देश
भागलपुर। बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के अंतर्गत स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण वातावरण में चुनाव संपन्न कराने की दिशा में जिला प्रशासन लगातार सक्रिय है। इसी क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने गुरुवार को जिला जनसंपर्क कार्यालय, भागलपुर स्थित मीडिया कोषांग का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मीडिया कोषांग की कार्यप्रणाली की समीक्षा की और निर्वाचन से संबंधित सभी गतिविधियों के प्रभावी प्रचार-प्रसार को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, संयुक्त निदेशक सह जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी सदर, पुलिस उपाधीक्षक नगर, जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी, जिला आईटी प्रबंधक, डायरेक्टर एनईपी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सोशल मीडिया पर चुनाव से जुड़ी गतिविधियों की निगरानी को और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम को मजबूत करने के लिए एक विशेष व्हाट्सएप ग्रुप बनाया जाए, जिसमें सभी पुलिस उपाधीक्षक, निर्वाची पदाधिकारी और जिले के वरीय अधिकारी शामिल हों।
उन्होंने यह भी कहा कि निर्वाचन के दौरान जब भी कोई वरीय पदाधिकारी निरीक्षण या बैठक करें, तो उसका एचडी क्वालिटी फोटोग्राफ और चार-पांच पंक्तियों का विवरण — जैसे भ्रमण करने वाले पदाधिकारी का नाम, भ्रमण स्थल, उद्देश्य, दिए गए निर्देश और उपस्थित अधिकारियों का नाम — तुरंत व्हाट्सएप ग्रुप में साझा किया जाए। इसके बाद मीडिया कोषांग उस सामग्री को समय पर सोशल मीडिया पर प्रकाशित करेगा और प्रेस को भी उपलब्ध कराएगा।
जिलाधिकारी ने जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी को निर्देश दिया कि सोशल मीडिया टीम में तकनीकी रूप से दक्ष कर्मियों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि निर्वाचन संबंधी सूचनाओं का सही और त्वरित संप्रेषण हो सके।















