


ट्रक जप्त, चालक-उपचालक हिरासत में
कामाख्या पेट्रोल पंप के सामने बुधवार सुबह ट्रक की चपेट में आकर हुआ था गंभीर रूप से घायल
अनुमंडल अस्पताल नवगछिया से मायागंज अस्पताल भागलपुर हुआ था रेफर
मृतक (यूपी) आगरा, जैतपुरकला, ग्राम प्यारमपुरा का था निवासी
नवगछिया में मध्याह्न भोजन बनाने वाले वर्करों का रसोई बनाने का करता था काम
नवगछिया थाना क्षेत्र के एनएच-31 स्थित कामाख्या पेट्रोल पंप के समीप बुधवार की सुबह करीब छह बजे तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हुए युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के जैतपुरकला, ग्राम प्यारमपुरा निवासी राजवीर (43 वर्ष) पिता रामदत्त के रूप में की गई है।
जानकारी के अनुसार, मृतक राजवीर नवगछिया में बाल विकास सेवा संस्थान के अंतर्गत मध्याह्न भोजन योजना के वर्करों के लिए रसोई तैयार करने का काम करता था। वह करीब चार माह पूर्व आगरा से नवगछिया आया था। बुधवार की सुबह वह रोज की तरह अपने डेरा से पैदल कंपनी की ओर जा रहा था। इसी दौरान कामाख्या पेट्रोल पंप के सामने एनएच-31 पर जीरोमाइल की दिशा से कटिहार की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रक (संख्या आरजे-14 जीयू-0704) ने विपरीत दिशा से आकर उसे कुचल दिया।
दुर्घटना में राजवीर गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल उसे अनुमंडल अस्पताल नवगछिया पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने स्थिति गंभीर होने पर मायागंज अस्पताल भागलपुर रेफर कर दिया। इलाज के दौरान बुधवार की शाम करीब छह बजे राजवीर की मौत हो गई।
इधर, हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने ट्रक को खदेड़कर रोक लिया और चालक व उपचालक को पकड़कर वाहन की चाबी जप्त कर ली। बताया गया कि चालक इलाज के खर्च देने की बात कहकर मौके से ट्रक लेकर भागने की फिराक में था। उसने डुप्लीकेट चाबी बनवाकर ट्रक लेकर कटिहार की ओर भागने की कोशिश की, लेकिन नवगछिया पुलिस ने पीछा कर टीवीएस शोरूम के पास से ट्रक को पकड़ लिया।
पुलिस ने ट्रक को जप्त कर चालक और उपचालक को हिरासत में ले लिया है। यातायात थानाध्यक्ष चंद्रदीप मंडल ने बताया कि ट्रक की टक्कर से घायल युवक की इलाज के क्रम में मौत हो गई है। शव का पोस्टमार्टम गुरुवार को कर परिजनों को सौंप दिया गया। बरारी पुलिस ने मायागंज अस्पताल में मृतक का बयान दर्ज किया है। बयान प्राप्त होने के बाद यातायात थाना में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।















