



भागलपुर जिले के सुलतानगंज थाना क्षेत्र के महेशी चौक के पास शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। एक अनियंत्रित ऑटो ने सड़क किनारे जा रहे राहुल कुमार नामक युवक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से राहुल गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल राहुल को तत्काल सुलतानगंज रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज के दौरान राहुल की मौत हो गई।
वहीं, हादसे के बाद ऑटो चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
परिजनों ने बताया कि राहुल मेहनती और परिवार का सहारा था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
















