


नवगछिया एनएच 31 साक्षी धर्मकांटा के पास घटी घटना
नवगछिया में तेज रफ्तार वाहनों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। लचर यातायात व्यवस्था के कारण आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं, जिनमें कई लोगों की जान जा रही है। हालात यह हैं कि यातायात थाना, हाइवे पुलिस और यातायात डीएसपी की मौजूदगी के बावजूद भी सड़कों पर बेतरतीब गति से दौड़ते वाहन लोगों की जिंदगी छीन रहे हैं।

ताजा मामला शुक्रवार की शाम करीब पांच बजे का है। गोपालपुर थाना क्षेत्र के हरनाथचक स्थित एनएच-31 पर साक्षी धर्मकांटा के समीप एक अनियंत्रित अज्ञात स्कॉर्पियो ने 10 वर्षीय बालक को कुचल दिया। हादसे में मौके पर ही बच्चे की मौत हो गई। मृतक की पहचान हरनाथचक, वार्ड संख्या-28 निवासी सिटुक कुमार (उम्र 10 वर्ष) पिता डब्लू यादव के रूप में हुई।

परिजनों के अनुसार, सिटुक अपने पिता से मिलने एनएच-31 किनारे स्थित होटल जा रहा था। इसी दौरान नवगछिया की ओर से तेज रफ्तार में आ रही स्कॉर्पियो ने ट्रक को ओवरटेक करने के दौरान नियंत्रण खो दिया और सिटुक को कुचल दिया। हादसे के बाद वाहन चालक फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही गोपालपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया भेज दिया। मृतक के पिता मानसिक रूप से अस्वस्थ बताए जाते हैं, जबकि मां ललिता देवी मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करती हैं। घटना के बाद मां, बड़ा भाई पीयूष कुमार (17) और बहन कोमल कुमारी (13) का रो-रोकर बुरा हाल है।
दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है। लोगों का कहना है कि प्रशासन की उदासीनता के कारण आए दिन निर्दोष लोगों की जान जा रही है, लेकिन तेज रफ्तार वाहनों पर कोई रोक नहीं लग पा रही।
इस संबंध में गोपालपुर थाना प्रभारी पुअनि शिव नंदन सहनी ने कहा कि मामले की जानकारी ली जा रही है। वहीं, यातायात थानाध्यक्ष पुनि सुजीत वारसी ने घटना के बारे में अनभिज्ञता जाहिर की।
















