


भागलपुर जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत भवानीपुर देसरी पंचायत के फतेहपुर पोखर टोला में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें गांव के ही 25 वर्षीय युवक बिशु तांती की पोखर में डूबने से मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, मृतक बिशु तांती, पिता दुखन तांती, रविवार को किसी काम से पोखर के पास गए थे। इसी दौरान अचानक वे पोखर में डूब गए। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की। बाद में पोखर के किनारे कपड़े मिलने पर आशंका जताई गई कि वे डूब गए हैं।
ग्रामीणों ने तत्काल गोताखोरों की मदद से खोजबीन शुरू की और काफी मशक्कत के बाद बिशु तांती का शव पोखर से बाहर निकाला गया। घटना की सूचना मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर है।
घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
















