



भागलपुर जिले के सुल्तानगंज स्थित प्रसिद्ध अजगैविनाथ धाम में रविवार को श्री पंचायती अखाड़ा बड़ा उदासीन निवार्ण भ्रमणशील मंडल प्रयागराज का रथ पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। आत्मा दास ठाकुरबाड़ी के महंत अनुज मुनि, नगर सभापति राज कुमार गुड्डू, वैश्य समाज के बिहार उपाध्यक्ष दिलीप कुमार गुप्ता सहित बड़ी संख्या में स्थानीय दुकानदारों और श्रद्धालुओं ने फूल-मालाओं से स्वागत कर वातावरण को भक्ति-मय बना दिया।

रथ के स्वागत के दौरान ढोल-नगाड़ों, घोड़े और बाजे-गाजे के साथ शोभायात्रा निकाली गई। इस मौके पर श्री पंचायती अखाड़ा उदासीन प्रयागराज के भ्रमणशील महंत अद्वैतानंद जी और महंत रामनौमी दास जी भी उपस्थित रहे। दोनों महंतों का नगर सभापति राज कुमार गुड्डू और स्थानीय व्यापारियों ने पुष्पहार पहनाकर स्वागत किया।

भ्रमणशील महंत अद्वैतानंद जी ने बताया कि 44 वर्षों बाद श्री पंचायती अखाड़ा बड़ा उदासीन निवार्ण भ्रमणशील मंडल का रथ बिहार के अजगैविनाथ धाम पहुंचा है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य लोगों को धर्म, अध्यात्म और मानवता के मार्ग पर प्रेरित करना है।

नगर सभापति राज कुमार गुड्डू ने बताया कि इस ऐतिहासिक अवसर पर 15 दिनों तक आत्मा दास ठाकुरबाड़ी में महाआरती का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रतिदिन भक्तजन शामिल होकर धर्म और सदाचार के प्रति जागरूकता फैलाने का संदेश देंगे।
कार्यक्रम के दौरान आत्मा दास ठाकुरबाड़ी के दुकानदार राजपति यादव, अश्विनी चौधरी, बिट्टू यादव, मनोज जादुका सहित दर्जनों श्रद्धालु एवं व्यापारी उपस्थित थे। पूरे आयोजन से अजगैविनाथ धाम का वातावरण भक्ति और आस्था से सराबोर हो गया।















