



भागलपुर में सड़क हादसे में घायल एक किसान की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान बांका जिले के मीरनगर निवासी टिंकू कुमार यादव (42) के रूप में हुई है। घटना गोराडीह थाना क्षेत्र के रामचंद्रपुर गांव के पास की है।
परिजनों के अनुसार, टिंकू यादव अपनी बाइक से गोराडीह बाजार जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उनकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। आमने-सामने की टक्कर में टिंकू यादव गंभीर रूप से घायल हो गए।

मामले की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया। घायल को गंभीर स्थिति में जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल, भागलपुर में भर्ती कराया गया, जहां सात घंटे तक चले इलाज के बाद उन्होंने दम तोड़ दिया।
मौत की जानकारी मिलते ही बरारी थाना पुलिस ने अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना की खबर मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया। पांच बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया और परिवार गहरे सदमे में है।

मृतक की पत्नी संगीता देवी ने बताया कि उनके चार बेटियां और एक बेटा है। बड़ी बेटी की शादी की बात चल रही थी और अगले साल विवाह तय करने की योजना थी। अब परिवार का भविष्य अनिश्चित हो गया है।















