



एक सप्ताह बाद भी भवानीपुर थाना में नहीं हुआ केस दर्ज, एसपी ने दी जांच और कार्रवाई का आदेश
नारायणपुर के भवानीपुर थाना क्षेत्र के पहाड़पुर वार्ड संख्या-12 में जमीनी विवाद को लेकर अनुसूचित जाति के एक भूमिहीन परिवार पर दबंगों द्वारा घर में घुसकर की गई मारपीट का मामला सामने आया है। यह घटना 5 अक्टूबर की है, लेकिन एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी थाना में अब तक मामला दर्ज नहीं किया गया है।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित अर्जुन तांती की पत्नी पूनम देवी, पुत्र साजन तांती और बहू पूजा देवी पर दबंगों ने लाठी-डंडों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणपुर में कराया गया।

पीड़िता पूनम देवी ने बताया कि पहाड़पुर मौजा, खाता संख्या 209, खेसरा संख्या 443, रकवा 6 डिसमिल जमीन उन्हें बंदोबस्ती के माध्यम से प्राप्त हुई थी। वह वर्षों से उसी भूमि पर मकान बनाकर रह रही हैं। 5 अक्टूबर को जब वे अपने घर के निर्माण का कार्य करवा रही थीं, तभी पड़ोसी कैलाश शर्मा, विलाश शर्मा, जुलुम शर्मा, मनोज शर्मा, रौशन शर्मा, पिंकू शर्मा, बिनोद शर्मा, एतवारी शर्मा, नरेश शर्मा, अभिषेक शर्मा और सचिन शर्मा हथियारों और लाठी-डंडों से लैस होकर वहां पहुंच गए और जमीन को अपना बताते हुए पिलर गाड़ने से रोक दिया।
विरोध करने पर आरोपियों ने घर में घुसकर महिलाओं के साथ बदसलूकी की और मारपीट की। पूनम देवी ने आरोप लगाया कि दबंगों ने महिलाओं को बाल पकड़कर घसीटा और लाठी-रॉड से पीटा। वहीं अर्जुन तांती और उनके पुत्र साजन को सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर मारा गया। पूजा देवी के कान की बाली भी छीन ली गई। आरोपियों ने परिवार को केस करने पर जान से मारने की धमकी दी।

थकहार कर पूनम देवी ने नवगछिया पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार के कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई और पूरे मामले की जांच व कार्रवाई की मांग की।
इस संबंध में नवगछिया एसपी प्रेरणा कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी उन्हें मिली है। थानाध्यक्ष को तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। वहीं भवानीपुर थानाध्यक्ष पुनि शंभु कुमार ने कहा कि अभी तक कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलते ही प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
















