



जिला प्रशासन ने की पूरी तैयारी
भागलपुर। बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के दूसरे और अंतिम चरण में कुल 122 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान होना है। इसी को लेकर सोमवार से नामांकन प्रक्रिया की औपचारिक शुरुआत हो गई है। भागलपुर जिले के सात विधानसभा क्षेत्रों में नामांकन कार्य शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से शुरू हुआ।
जिला प्रशासन द्वारा नामांकन के लिए समाहरणालय परिसर और अनुमंडल कार्यालयों में अलग-अलग व्यवस्था की गई है। भागलपुर सदर विधानसभा का नामांकन एसडीओ कार्यालय के समीप, नाथनगर विधानसभा का नामांकन एडीएम कार्यालय के पास तथा सुल्तानगंज विधानसभा क्षेत्र का नामांकन डीसीएलआर कार्यालय के पास किया जा रहा है। वहीं नवगछिया अनुमंडल के अंतर्गत गोपालपुर और बिहपुर विधानसभा क्षेत्रों के लिए नामांकन कार्य एसडीओ कार्यालय नवगछिया में चल रहा है। कहलगांव और पिरपैंती विधानसभा क्षेत्रों के नामांकन भी संबंधित आरओ (रिटर्निंग ऑफिसर) कार्यालयों में शुरू हो चुका हैं।

नामांकन प्रक्रिया को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह भागलपुर जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने समाहरणालय और अन्य नामांकन केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए नामांकन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सुरक्षा व्यवस्था, नामांकन काउंटर, अभ्यर्थियों के प्रवेश मार्ग, मीडिया व्यवस्था और कानून-व्यवस्था की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि चुनाव लोकतंत्र का पर्व है, जिसे निष्पक्षता और शांति के साथ पूरा कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
















