



भागलपुर । बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने की दिशा में की जा रही तैयारियों के तहत तथा भागलपुर जिले में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के उद्देश्य से पिरपैंती विधानसभा क्षेत्र में मतदाता जागरूकता संबंधी कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

इसी क्रम में पिरपैंती प्रखंड के उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, पिरपैंती में स्वीप (सिस्टमैटिक वोटर्स एजुकेशन एंड इलेक्टोरल पार्टिसिपेशन) कार्यक्रम के अंतर्गत एक भव्य मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई। इस रैली का नेतृत्व सहायक निर्वाची पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी, पिरपैंती द्वारा किया गया।

रैली में लगभग 1500 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली के माध्यम से आम नागरिकों को नैतिक, निष्पक्ष एवं जागरूक मतदान के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित छात्र-छात्राओं, शिक्षकों तथा प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों को नैतिक मतदान की शपथ भी दिलाई गई।
यह आयोजन मतदाताओं में मतदान के प्रति जागरूकता फैलाने और लोकतंत्र को सशक्त बनाने की दिशा में एक सार्थक प्रयास रहा। निर्वाचन आयोग की यह पहल आगामी चुनाव को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और सहभागितापूर्ण बनाने में सहायक सिद्ध होगी।
















