5
(1)

भागलपुर । भागलपुर जिले के एनटीपीसी थाना क्षेत्र में मंगलवार की रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां ड्यूटी के दौरान तैनात सीआईएसएफ के जवान ने अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना एनटीपीसी परिसर के ड्यूटी प्वाइंट पर हुई, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

मृतक की पहचान मुंगेर जिले के घरघाट निवासी सीआईएसएफ कांस्टेबल दीपक कुमार (28) के रूप में की गई है। वह भागलपुर एनटीपीसी में तैनात था। बताया जा रहा है कि दीपक कुमार पिछले कुछ समय से मानसिक अवसाद (डिप्रेशन) से ग्रसित था और इलाज के बावजूद उसकी स्थिति में सुधार नहीं हो पाया था। मंगलवार को वह ड्यूटी पर गया था, जहां रेलिंग के सहारे उसने अपनी जान दे दी।

घटना की जानकारी मिलते ही एनटीपीसी परिसर में अफरातफरी मच गई। एनटीपीसी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। मौके पर कहलगांव डीएसपी कल्याण आनंद भी पहुंचे और पूरे मामले की छानबीन की।

डीएसपी कल्याण आनंद ने बताया कि घटना देर रात की है। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।

एनटीपीसी थानाध्यक्ष अनुरुद्ध कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि जवान लंबे समय से डिप्रेशन में था। परिजनों ने कई बार उसका इलाज कराया था, लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इधर, घटना की जानकारी मिलते ही परिजन एनटीपीसी परिसर पहुंचे, लेकिन वे मीडिया से बातचीत करने से बचते रहे। परिजनों ने घटना के पीछे की वजह को लेकर अभी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी है। जवान की इस आकस्मिक मृत्यु से एनटीपीसी परिसर में शोक का माहौल व्याप्त है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: