



परबत्ता में दर्ज 18 लाख की फर्जी लूट का सफल उद्भेदन, वादी समेत चार अपराधकर्मी गिरफ्तार
नवगछिया पुलिस जिला के परबत्ता थाना क्षेत्र में 28 सितंबर 2025 को दर्ज किए गए 18,25,000 रुपये की लूट मामले का पुलिस ने सफलतापूर्वक उद्भेदन किया है। इस मामले में वादी मो. इश्तेखार समेत चार अपराधकर्मी गिरफ्तार किए गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम जमुनिया में वादी मो. इश्तेखार ने थाना परबत्ता को सूचना दी थी कि उनके साथ मोटरसाइकिल पर सवार दो नकाबपोश अपराधकर्मियों ने 18,25,000 रुपये लूट लिए। इसके आधार पर परबत्ता थाना में कांड संख्या 163/25, दिनांक 28.09.25 के तहत धारा 309 (4) बी.एन.एस. और 25 (1-बी) ए/26/35 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। प्रारंभिक अनुसंधान में यह घटना संदिग्ध प्रतीत हुई।
इसके बाद पुलिस अधीक्षक नवगछिया के निर्देशन और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम में थानाध्यक्ष परबत्ता, डी.आई.यू. और अन्य थाना अधिकारी शामिल थे। टीम द्वारा CCTV फुटेज का अवलोकन, मानवीय और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर सबसे पहले राहुल कुमार यादव को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ और उसके निशानदेहीं पर कांड में शामिल अन्य अपराधकर्मी सचिन कुमार, मो. शमीम अख्तर और वादी मो. इश्तेखार को भी गिरफ्तार किया गया। घटना के समय अपराधियों द्वारा पहने गए कपड़े, मोबाइल और अन्य सामान बरामद किया गया। बरामद मोबाइल में एक वीडियो भी मिला जिसमें लूटे गए बैग को खोला गया है, जिसमें ईंट-पत्थर और कुछ कागजात हैं, लेकिन पैसा नहीं है।

गिरफ्तार अपराधियों ने स्वीकारोक्ति में बताया कि वादी मो. इश्तेखार कर्ज में डूबा हुआ था और कर्ज चुकाने के लिए उसके पास पैसे नहीं थे। इसलिए उसने अपने साथियों के साथ मिलकर फर्जी लूट की योजना बनाई और घटना को अंजाम दिया। सचिन कुमार और राहुल कुमार का इस्माईलपुर और खरीक थाना में पहले से आपराधिक रिकॉर्ड है।
गिरफ्तार अपराधी: राहुल कुमार यादव, पते- मंटुन यादव, सा. मंदरौनी, थाना रंगरा, जिला भागलपुर; सचिन कुमार, पते- शंकर यादव, सा. लक्ष्मीपुर, थाना इस्माईलपुर, जिला भागलपुर; मो. शमीम अख्तर, पते- मो. परवेज, सा. जमुनिया, थाना परबत्ता, जिला भागलपुर; मो. इश्तेखार, पते- स्व. मो. शेख तजमुन, सा. जमुनिया, थाना परबत्ता, जिला भागलपुर।
बरामदगी में दो मोबाइल फोन, काला रंग का बैग, पुराना अखबार और बैंक की प्राप्ति रसीद शामिल हैं। छापामारी टीम में पु.नि. सह थानाध्यक्ष अश्विनी सिंहा, परबत्ता थाना; पु.अ.नि. अमित कुमार, प्रभारी डी.आई.यू., नवगछिया; पु.अ.नि. सुजीत कुमार, परबत्ता थाना; तथा सिपाही रोहित कुमार, मुकेश कुमार, रवि कुमार और सूरज कुमार, डी.आई.यू., नवगछिया शामिल थे।
पुलिस ने बताया कि इस मामले का सफल उद्भेदन करने वाली टीम को विशेष रूप से पुरस्कृत किया जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे मामलों में सतर्कता लगातार बनाए रखी जाएगी।
















