



भागलपुर । भागलपुर में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में आगामी निर्वाचन की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में सभी कोषांगों के वरीय पदाधिकारी एवं नोडल पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं को लेकर कई अहम निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदान केंद्र के अंदर सुरक्षाबल की उपस्थिति नहीं रहेगी। सुरक्षा व्यवस्था केंद्र के बाहर रहेगी, जबकि होमगार्ड के जवान मतदाताओं को लाइन में लगाने का कार्य करेंगे।

जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर रैंप, पुरुष एवं महिला शौचालय, मोबाइल चार्जिंग पॉइंट और व्हीलचेयर जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। शौचालयों पर पुरुष और महिला का स्पष्ट संकेतक लिखवाया जाए। जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि मतदान केंद्रों का रंग-रोगन समय पर पूर्ण करा लिया जाए।
जहां एक ही भवन में पांच या अधिक मतदान बूथ हैं, वहां प्रत्येक बूथ के लिए प्रवेश मार्ग चिन्हित करते हुए साइन बोर्ड और रस्सियों की व्यवस्था की जाएगी। इससे मतदाताओं को यह स्पष्ट हो सके कि किस बूथ में किस रास्ते से जाना है। साथ ही बताया गया कि हर दस बूथ पर एक सेंटर पॉइंट तथा प्रत्येक तीन सेक्टर पर एक लाईटमैन की नियुक्ति की जाएगी।

दिव्यांग (PWD) मतदाताओं की सुविधा के लिए टोला सेवकों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी, ताकि वे उन्हें मतदान केंद्र तक लाने में मदद कर सकें। डिस्पैच सेंटर में स्पष्ट दिशानिर्देशों के लिए नक्शा तैयार करने का निर्देश भी संबंधित निर्वाचन पदाधिकारी को दिया गया है। सभी काउंटरों पर साइनबोर्ड की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
डिस्पैच सेंटर के एक कोने में पेपर मिलान हेतु टेबल की व्यवस्था की जाएगी। सामग्री कोषांग के नोडल पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि प्रत्येक बूथ पर मच्छर से बचाव के लिए मॉस्किटो कॉइल, माचिस, चार लाल झंडे और “मतदान केंद्र परिसर के अंदर प्रवेश कर चुके हैं”—ऐसा लिखित संकेत ए4 साइज में झंडे के साथ लगाया जाए।
अंत में जिलाधिकारी ने मतदान केंद्रों के समुचित रंग-रोगन एवं सजावट कार्यों को यथाशीघ्र पूरा कराने के निर्देश जिला शिक्षा पदाधिकारी को दिए, ताकि निर्वाचन कार्य में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
















