



नवगछिया : जेडीयू से टिकट नहीं मिलने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खास और गोपालपुर से विधायक गोपाल मंडल का गुस्सा फूट पड़ा है। टिकट कटने से नाराज़ गोपाल मंडल बुधवार को मुख्यमंत्री आवास पहुंचे थे, लेकिन उन्हें अंदर नहीं जाने दिया गया। इसके बाद पुलिस उन्हें वहां से ले गई।
गोपाल मंडल ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उनके साथ अन्याय हुआ है। पार्टी ने बाहरी व्यक्ति को टिकट देकर पुराने और वफादार कार्यकर्ता का अपमान किया है। उन्होंने कहा कि “हमने 30 साल तक सेवा की, सरकार को कई बार बचाया, लेकिन अब हमारे साथ अत्याचार हुआ। जो लोग दूसरे दल से आए, उन्हें टिकट दे दिया गया।”

उन्होंने कहा कि वे अब जेडीयू से अलग होकर निर्दलीय चुनाव लड़ेंगे, लेकिन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति उनका स्नेह बरकरार रहेगा। मंडल ने कहा, “हम नीतीश कुमार को मानते हैं, उन्हीं के आशीर्वाद से निर्दलीय चुनाव लड़ेंगे और जीतकर उन्हें समर्थन देंगे।”

गोपाल मंडल ने पार्टी के टिकट वितरण पर सवाल उठाते हुए कहा कि “मुख्यमंत्री को कुछ लोगों ने हाइजैक कर लिया है। टिकट बांटने में भारी गड़बड़ी हुई है। पिछड़ा और अति पिछड़ा वर्ग को अब कोई तवज्जो नहीं दी जा रही, जबकि नीतीश कुमार की ताकत ही पिछड़े वर्ग से आती है।”
उन्होंने कहा कि उन्हें जनता का पूरा समर्थन मिला है और इस बार वे निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव मैदान में उतरेंगे। मंडल ने कहा, “हम बड़बोले जरूर हैं, लेकिन जनता के दिल में जगह रखते हैं। कुछ नेताओं को हम पसंद नहीं आते, पर आम जनता हमें प्यार करती है। हम चुनाव जीतेंगे और बुलो मंडल को हराकर विधानसभा पहुंचेंगे।”
गोपाल मंडल ने निशांत कुमार को लेकर भी कहा कि “मैंने पहले ही कहा था कि अगर निशांत को नहीं लाया गया तो जेडीयू कमजोर पड़ जाएगी। नीतीश कुमार के बाद पार्टी संभालने वाला कोई नहीं है।” उन्होंने साफ कहा कि वे किसी भी पार्टी में नहीं जाएंगे, बल्कि निर्दलीय चुनाव लड़कर नीतीश कुमार को समर्थन देंगे।
















