



भागलपुर। आगामी दीपावली, काली पूजा, छठ महापर्व तथा 11 नवंबर को होने वाले दूसरे चरण के विधानसभा चुनाव को देखते हुए भागलपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक हृदयकांत ने गुरुवार को सुल्तानगंज थाने का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर में विधि-व्यवस्था की तैयारियों की गहन समीक्षा की और थाना प्रभारी मृत्युंजय कुमार से विस्तृत जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने पुलिस बल को सतर्क रहने तथा क्षेत्र में शांति और सौहार्द बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने थाना प्रभारी को असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने, नियमित गश्ती बढ़ाने और किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में तुरंत कार्रवाई करने का आदेश दिया।

एसएसपी ने थाना के गुंडा पंजी समेत अन्य अभिलेखों का भी अवलोकन किया। उन्होंने निर्देश दिया कि गुंडा पंजी में दर्ज सभी व्यक्तियों की नियमित हाजिरी सुनिश्चित की जाए और संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल रिपोर्ट दर्ज की जाए।

इसके बाद वरीय पुलिस अधीक्षक ने सुल्तानगंज विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न पुलिस चेक पोस्टों का भी औचक निरीक्षण किया। उन्होंने वहां तैनात दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों से सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी हृदयकांत ने कहा कि आगामी बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्रशासन और पुलिस संयुक्त रूप से कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।
इस मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात था। निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने अधिकारियों को सतर्कता और पारदर्शिता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।
















