5
(1)

भागलपुर । बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने तथा भागलपुर जिले में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह एवं नगर आयुक्त शुभम कुमार की उपस्थिति रही। बैठक में भागलपुर की विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल हुए।

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि हमें जीवन में हर पाँच वर्ष में केवल एक बार मतदान करने का अवसर मिलता है, जो हमारा सबसे बड़ा लोकतांत्रिक अधिकार है। उन्होंने कहा कि हम अपने प्रतिनिधि को पाँच वर्षों के लिए चुनते हैं, जो लगभग 44 हजार घंटों के बराबर होता है। ऐसे में क्या हम अपने देश के भविष्य के लिए मात्र एक घंटे का समय मतदान करने में नहीं दे सकते? यदि हम मतदान नहीं करते, तो अगले पाँच वर्षों तक हमें अपने मताधिकार का प्रयोग न करने का अफसोस रहेगा।

डीएम ने सभी संस्थानों से अपील की कि वे स्वयं मतदान करें और अपने संस्थान से जुड़े लोगों को भी मतदान हेतु प्रेरित करें। साथ ही मतदाता जागरूकता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने सुझाव दिया कि जिन संस्थानों द्वारा ग्राहकों को प्राप्ति रसीद दी जाती है, वे रसीद पर “11 नवंबर को मतदान जरूर करें” संदेश अंकित करें। इसी प्रकार, सुधा डेयरी अपने दुग्ध पैकेट पर यह संदेश लिखवाए, और इंडियन मेडिकल एसोसिएशन अपने चिकित्सकों से मरीजों की पर्ची पर मतदान संदेश अंकित कराने का आग्रह करे।

जिलाधिकारी ने बताया कि मतदान केंद्रों पर बुजुर्ग मतदाताओं के लिए विशेष सुविधा की व्यवस्था रहेगी। उनके लिए रैंप, बैठने की जगह, महिला एवं पुरुष शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी और उन्हें प्राथमिकता के आधार पर मतदान कराया जाएगा।

बैठक में आईएमए, सुधा डेयरी, ऑटो सर्विस संगठन, बस सर्विस संगठन, बार एसोसिएशन, नागरिक विकास समिति, रोटरी क्लब, गांधी शांति परिषद, रेड क्रॉस, चेंबर ऑफ कॉमर्स, बिहार बंगाली समिति समेत कई संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद थे। उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि स्वीप का लोगो सभी संस्थाओं को उपलब्ध कराया जाएगा, जिसे अपने-अपने संस्थानों, ऑटो रिक्शा, बस आदि पर प्रदर्शित किया जाएगा। बैठक में उपस्थित प्रतिनिधियों ने भी मतदाता जागरूकता अभियान को प्रभावी बनाने के लिए अपने-अपने सुझाव प्रस्तुत किए।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: