



भागलपुर । बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के तहत स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण वातावरण में चुनाव संपन्न कराने के उद्देश्य से भागलपुर जिले में तीन मल्टी एजेंसी चेक पोस्ट संचालित किए गए हैं। इन चेक पोस्टों का उद्देश्य चुनाव अवधि में अवैध गतिविधियों, नकदी, शराब, मादक पदार्थों और अन्य प्रतिबंधित सामग्रियों के आवागमन पर प्रभावी नियंत्रण रखना है।

जिले में स्थापित तीन मल्टी एजेंसी चेक पोस्टों में पीरपैंती थाना क्षेत्र के मिर्जा चौकी, सन्हौला थाना क्षेत्र के बैसा पुल तथा नवगछिया स्थित जीरोमाइल शामिल हैं। इन सभी चेक पोस्टों पर सीमा शुल्क विभाग, आयकर विभाग, वाणिज्य कर विभाग, उत्पाद विभाग, खनन विभाग एवं पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम तैनात की गई है।

ये चेक पोस्ट 24 घंटे सक्रिय रहेंगे और प्रत्येक वाहन की सघन जांच की जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की अवैध सामग्री या धनराशि का परिवहन न हो सके। अधिकारीगणों के अनुसार, इस व्यवस्था से चुनाव अवधि में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में मदद मिलेगी तथा निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव संपन्न कराने के लक्ष्य को और मजबूत किया जा सकेगा।
















