5
(1)

भागलपुर । बिहार विधानसभा आम निर्वाचन-2025 के तहत भागलपुर जिले में स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शनिवार को समाहरणालय स्थित समीक्षा भवन में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में निर्वाचन तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी कोषांगों के वरीय पदाधिकारी एवं नोडल पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान कार्मिक कोषांग के नोडल पदाधिकारी ने बताया कि 450 कर्मियों की सूची शनिवार को प्राप्त हुई है। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि संबंधित नियंत्रक पदाधिकारी के विरुद्ध निर्वाचन आयोग को रिपोर्ट भेजी जाए, क्योंकि यह जानबूझकर निर्वाचन कार्य में विलंब और व्यवधान उत्पन्न करने का प्रयास है।

नोडल पदाधिकारी ने आगे बताया कि रुग्ण एवं बीमार कर्मियों द्वारा कर्तव्य विमुक्ति के लिए दिए गए आवेदनों की जांच सदर अस्पताल में गठित मेडिकल बोर्ड द्वारा की गई। 400 आवेदनों में से 322 कर्मियों को कर्तव्य से विमुक्त करने की अनुशंसा सिविल सर्जन द्वारा की गई है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि अनुशंसा की प्रतियां शीघ्र उनके समक्ष प्रस्तुत की जाएं।

डॉ. चौधरी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि पीठासीन पदाधिकारी और प्रथम मतदान पदाधिकारी के रूप में उच्च वेतनमान वाले कर्मियों को नामित किया जाए, जबकि कम वेतनमान वाले कर्मियों को द्वितीय मतदान पदाधिकारी के रूप में रखा जाए। उन्होंने कहा कि सभी मतदान दलों से प्रपत्र-12 के माध्यम से मतदान करने की स्वीकृति प्राप्त कर ली जाए ताकि कोई भी कर्मी अपने मताधिकार से वंचित न हो।

बैठक में निर्वाचन कोषांग एवं मतगणना कोषांग के अधिकारियों ने अपनी-अपनी तैयारियों की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने कहा कि वोटर इंफॉर्मेशन स्लिप का वितरण घर-घर तक सुनिश्चित किया जाए। इस कार्य की निगरानी के लिए उप विकास आयुक्त को वरीय पदाधिकारी नामित किया गया है।

उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक बूथ पर मतदाता सहायता केंद्र की व्यवस्था की जाए, जहां बीएलओ शेष वोटर इंफॉर्मेशन स्लिप लेकर उपस्थित रहेंगे। जिला नियंत्रण कक्ष में हंटिंग लाइन की सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश उप निर्वाचन पदाधिकारी को दिए गए, साथ ही सभी निर्वाची पदाधिकारियों को भी पांच-पांच हंटिंग लाइनें लगवाने का निर्देश दिया गया।

मतगणना केंद्र की तैयारी की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरे कर लिए जाएं। वाहन कोषांग के नोडल पदाधिकारी ने बताया कि लॉग बुक की प्रिंटिंग पूरी हो चुकी है और पेट्रोल पंप की ट्रैकिंग कर ली गई है।

ईटीपीबीएस के नोडल पदाधिकारी ने जानकारी दी कि 19 अक्टूबर तक सभी ईवीएम मशीनें विधानसभा वार अलग-अलग कर दी जाएंगी। वहीं स्वीप गतिविधियों के संबंध में उप विकास आयुक्त ने बताया कि जीविका दीदियों, सेविका, सहायिका और आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से “घर-घर दस्तक” कार्यक्रम चलाया जाएगा। इसके अतिरिक्त जिले में चार से पांच बड़े जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें दिव्यांगजनों की रैली भी शामिल होगी।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: