



नवगछिया। धनतेरस के शुभ अवसर पर शनिवार को सुबह से ही नवगछिया बाजार में खरीदारी का उत्साह चरम पर दिखाई दिया। शहर के विभिन्न बाजारों और दुकानों में सुबह से ही ग्राहकों की भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने सोना-चांदी के आभूषण, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, कपड़े और घरेलू उपयोग की वस्तुओं की जमकर खरीदारी की।

धनतेरस की खरीदारी को लेकर बाजारों में रौनक देखते ही बन रही थी। ज्वेलरी की दुकानों पर खरीदारों की लंबी कतारें लगी थीं। दुकानदारों ने बताया कि इस बार धनतेरस पर लाखों रुपये की खरीदारी हुई है, जिससे व्यापारियों के चेहरे खिल उठे हैं। वहीं, बर्तन और इलेक्ट्रॉनिक की दुकानों पर भी ग्राहकों की भारी भीड़ रही।

दीपावली पर्व को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखा गया। घरों की सजावट के लिए दीप, झालर, और गणेश-लक्ष्मी की आकर्षक मूर्तियाँ लोगों की पहली पसंद बनीं। बाजारों में तरह-तरह की रंगीन रोशनी और सजावट ने त्योहार का माहौल और खुशनुमा बना दिया।
लोगों ने परंपरा के अनुसार धनतेरस के दिन झाड़ू को शुभ मानते हुए उसकी भी खूब खरीदारी की। शाम होते-होते पूरा नवगछिया बाजार दीपावली की रोशनी और खुशियों से झिलमिलाने लगा।
















