



भागलपुर में रविवार सुबह इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई। कचहरी चौक के पास सड़क किनारे एक काटून में नवजात शिशु का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सुबह जब स्थानीय लोग वहां से गुजर रहे थे, तो सड़क किनारे रखे एक काटून से दुर्गंध आने लगी। संदेह होने पर लोगों ने जब पास जाकर देखा तो उसमें एक नवजात शिशु का शव पड़ा हुआ था। यह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद सभी लोग स्तब्ध रह गए।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंच गए और इस अमानवीय कृत्य की कड़ी निंदा करने लगे। लोगों ने कहा कि कोई कैसे इतनी निर्दयता दिखा सकता है कि एक मासूम नवजात को जन्म के तुरंत बाद इस तरह फेंक दे।
सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि नवजात का शव वहां किसने और क्यों फेंका। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में जुटी है ताकि आरोपी का सुराग लगाया जा सके।

इस दर्दनाक घटना से पूरे इलाके में आक्रोश व्याप्त है। लोग प्रशासन से इस कृत्य में शामिल व्यक्ति को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग कर रहे हैं।














