



भागलपुर । बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को जिला अतिथि गृह सभागार में समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी और वरीय पुलिस अधीक्षक हृदय कांत ने की। बैठक में सीएपीएफ (सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्स) के वरीय पदाधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक में जिलाधिकारी ने सीएपीएफ के नोडल पदाधिकारी और सभी डिप्टी कमांडेंट को भागलपुर जिले की भौगोलिक एवं राजनीतिक स्थिति की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले में कुल सात विधानसभा क्षेत्र हैं, जहां आगामी विधानसभा चुनाव आयोजित किए जाने हैं। जिलाधिकारी ने उपस्थित पदाधिकारियों का परिचय कराया और सभी से परिचय प्राप्त किया।
उन्होंने बताया कि सीएपीएफ जवानों और अधिकारियों के लिए आवास, वाहन एवं अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाएं कर दी गई हैं। यदि किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न होती है तो जिला या अनुमंडल स्तर पर नियुक्त नोडल अधिकारियों से संपर्क किया जा सकता है। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन और पुलिस आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निष्पक्ष और शांतिपूर्ण वातावरण में चुनाव संपन्न कराएं। इस अवसर पर उन्होंने सभी को दीपावली की शुभकामनाएं भी दीं।
वरीय पुलिस अधीक्षक हृदय कांत ने भी बैठक में अपने पुलिस पदाधिकारियों का परिचय कराया और सीएपीएफ अधिकारियों से सहयोगपूर्वक काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों के बीच बेहतर तालमेल से चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न होगा। नवगछिया की पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार ने भी अधिकारियों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं और बेहतर समन्वय के साथ चुनाव प्रक्रिया पूरी करने का आह्वान किया।

बैठक में उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, नगर पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा, नगर आयुक्त शुभम कुमार, सहायक समाहर्ता जतिन कुमार, सीआरपीएफ के नोडल पदाधिकारी सह पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) मो. अयूब, सीएपीएफ के नोडल ऑफिसर गोरेलाल शुक्ला, डिप्टी कमांडेंट आलोक सिंह नेगी, कैलाश लरका, असिस्टेंट कमांडेंट गौरव किशोर पंवार, सुमन राय, बिरेंद्र, राजेश गुप्ता, दुर्गेश कुमार मिश्रा, राजवीर, वाई.एस. खंगारोत, जे. भट्टाचार्य, नरेश कुमार सहित कई पदाधिकारी उपस्थित थे।
















