



भागलपुर में काली पूजा को लेकर पूरे शहर और ग्रामीण इलाकों में भक्तिमय माहौल देखने को मिल रहा है। तड़के सुबह से ही श्रद्धालु मां काली के विभिन्न मंदिरों में पूजा-अर्चना के लिए पहुंचने लगे। परबत्ती बुढ़िया काली, जंगली काली, इचाकचक बुढ़िया काली और मानिकपुर बुढ़िया काली मंदिरों में भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं।

पूरे शहर के मंदिरों को रंग-बिरंगी लाइटों, फूलों और झालरों से सजाया गया है। मां काली की आराधना के दौरान भजन-कीर्तन और घंटे-घड़ियाल की गूंज से वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। महिलाएं और बच्चे नए वस्त्र पहनकर मां काली के चरणों में दीप और पुष्प अर्पित करते नजर आए।
विभिन्न पूजा समितियों की ओर से श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण, भक्ति संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात नियंत्रण और साफ-सफाई की विशेष व्यवस्था की है। जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

काली पूजा के इस अवसर पर भागलपुर शहर भक्ति, उल्लास और श्रद्धा के रंग में रंगा दिखाई दे रहा है। मंदिरों में उमड़ी भारी भीड़ और श्रद्धालुओं की आस्था ने पूरे माहौल को आध्यात्मिक बना दिया है।
















