



भागलपुर। जिले के जोगसर थाना क्षेत्र स्थित शंकरपुर घाट पर बुधवार को एक युवक की जान आपदा मित्रों की तत्परता से बच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक हर्ष चौधरी, जो ततारपुर स्थित लाल कोठी इलाके का निवासी है, स्नान के दौरान गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।

घटना के समय घाट पर मौजूद आपदा मित्र मोहम्मद मुस्तकीम और बंटी ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए तुरंत गंगा में छलांग लगा दी। दोनों ने मिलकर हर्ष को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते की गई इस कार्रवाई से एक बड़ी अनहोनी टल गई।
घटना के बाद घाट पर मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई थी, लेकिन जब युवक को सुरक्षित बाहर लाया गया तो सभी ने राहत की सांस ली। मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों आपदा मित्रों के साहस और तत्परता की सराहना की।

गौरतलब है कि आपदा मित्र योजना के तहत प्रशिक्षित युवकों की तैनाती जिले के संवेदनशील घाटों पर की जाती है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत राहत और सहायता प्रदान की जा सके। इस घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि आपदा मित्रों की त्वरित कार्रवाई जनसुरक्षा में कितनी अहम भूमिका निभाती है।
















